November 2, 2026

बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार रात 9 बजे एक सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-56 पर लसोड़िया पाड़ी के पास सड़क किनारे खड़े तीन दोस्त बातचीत कर रहे थे, तभी भील कुआं की तरफ से आए ट्रोले ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की जान चली गई। मृतकों में 21 साल के धनपाल आठ बहनों का इकलौता भाई था। जिस भाई को बहनें अपना सहारा मानती थीं, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोस्त को देखकर बाइक रोकी थी एएसआई अमर सिंह ने बताया- सज्जनगढ़ थाने में संदलाई बड़ी निवासी प्रदीप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार (30 अक्टूबर) रात करीब 9 बजे भड़वेल निवासी सुनील पुत्र फूलजी पटेल (25) लसोड़िया पाड़ी में नेशनल हाईवे के किनारे अपनी साइड में खड़ा था। इसी दौरान खुदनी हाला की तरफ से बाइक पर सेंड नानी निवासी अंकित पुत्र रमेश मछार (21) और संदलाई बड़ी निवासी धनपाल पुत्र सोहनलाल डोडियार (21) आ रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे अपने दोस्त सुनील को खड़ा देखकर अंकित और धनपाल ने बाइक रोक दी। इसके बाद तीनों दोस्त सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान भील कुआं की तरफ से आ रहे ट्रोले ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सज्जनगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों युवकों को सज्जनगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। आठ बहनों का इकलौता भाई था धनपाल हादसे में जान गंवाने वाला धनपाल 8 बहनों का इकलौता भाई था। परिवार में वह सभी बहनों का लाडला था और उनका सहारा भी था। उसकी मौत से आठों बहनें गहरे सदमे में हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ट्रोला जब्त, जांच शुरू पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रोले को जब्त कर थाने में खड़ा किया है। एएसआई अमर सिंह के अनुसार परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। तीन युवा दोस्तों की एक साथ मौत से लसोड़िया पाड़ी सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News