July 28, 2026

अभिनेता सनी देओल अपनी मां प्रकाश कौर को याद कर भावुक हो गए हैं। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को अपनी मां के लिए समर्पित किया है। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से एक दिन पहले उन्होंने मां के साथ तस्वीर शेयर कर इमोशनल पोस्ट लिखा है। सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी 30 साल बाद फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के जरिए वापसी कर रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर कल सामने आने वाला है। इससे पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को बिना किसी कट के ‘A’ सर्टिफिकेट दे दिया है। मां को समर्पित की फिल्म, लिखा- ‘मेरी मां ही मेरा रब हैं’
ट्रेलर रिलीज से पहले सनी देओल ने अपनी मां प्रकाश कौर के साथ एक अनदेखी तस्वीर शेयर की। मां को अपनी सबसे बड़ी ताकत और सहारा बताते हुए उन्होंने एक भावुक संदेश लिखा। सनी ने कहा, “मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। ‘बंटवारा 1947’ मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं।” बिना किसी कट के मिला सेंसर बोर्ड से ‘A’ सर्टिफिकेट
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। CBFC ने बिना कोई सीन या डायलॉग काटे फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है। इस पर खुशी जाहिर करते हुए सनी देओल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सेंसर बोर्ड ने इंसानियत और प्यार की इस कहानी को बिना किसी कट के पास किया है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि 14 अगस्त को पार्टिशन डे के मौके पर लोग इस फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर जरूर देखें। 30 साल बाद साथ आई सनी और राजकुमार की जोड़ी
‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी सुपरहिट फिल्में देने के बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल लगभग 30 साल बाद फिर से साथ काम कर रहे हैं। भारत के विभाजन के दौर पर आधारित यह फिल्म एक ऐतिहासिक ड्रामा है। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपरणा पुरोहित ने किया है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। शबाना आजमी-प्रीति जिंटा समेत दिखेगी बड़ी स्टारकास्ट
‘बंटवारा 1947’ में विभाजन के दर्द और उससे जुड़े मानवीय संबंधों को करीब से दिखाया जाएगा। फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के पोस्टर्स और पहले जारी किए गए दो टीजर में इस इमोशनल कहानी की झलक पहले ही दिखाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News