जयपुर में बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरने से इंजीनियर की मौत हो गई। वह आईटी कंपनी एक्सेंचर में जॉब करता था। घटना मानसरोवर थाना इलाके के न्यू आतिश मार्केट की 4 सितंबर को शाम करीब 7:30 बजे की है। घटना का सीसीटीवी वीडियो 8 सितंबर को सामने आया। पुलिस के अनुसार, सोडाला निवासी गौरव शर्मा (22) अकेला 13 मंजिल की बिल्डिंग पर पहुंचा था। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से घटना से कुछ सेकेंड पहले ली गई सेल्फी मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव को सेल्फी और रील बनाने का शौक था। पुलिस को आशंका है कि सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से गौरव का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। FSL टीम ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें गौरव अकेले जाते दिखा है। सुसाइड के एंगल से भी की जांच मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया- शुरुआत में पुलिस ने सुसाइड की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की थी। मोबाइल में मिली कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी और सीसीटीवी फुटेज के बाद अब अलग एंगल से घटना की जांच की जा रही है। FSL से मिले सबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। मां से पार्क जाने की कहकर निकला था गौरव के मामा प्रवीण शर्मा ने बताया कि गौरव की करीब 11 महीने पहले आईटी कंपनी एक्सेंचर में जूनियर इंजीनियर के पद पर नौकरी पर लगी थी। वह सप्ताह में चार दिन वर्क फ्रॉम होम और दो दिन सीतापुरा स्थित ऑफिस से काम करता था। घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे तक घर से काम करने के बाद उसने मां मंजू शर्मा से गोविंददेवजी मंदिर जाने की बात कही थी। जन्माष्टमी के कारण भीड़ होने पर मां ने उसे अगले दिन जाने की बात कही। इसके बाद गौरव पास के महिमा पार्क (राम नगर) जाने की बात कहकर घर से निकल गया। बताया गया कि वह महिमा पार्क से मेट्रो के जरिए न्यू आतिश मार्केट पहुंचा था। मां को कार गिफ्ट करने का था सपना मामा प्रवीण शर्मा ने बताया कि गौरव के पिता एडवोकेट अरुण शर्मा की मौत करीब 19 साल पहले सड़क हादसे में हुई थी। इसलिए गौरव की मां उसे स्कूटी तक चलाने देने से डरती थी। मामा ने बताया कि गौरव ने मुझसे कहा था कि कंपनी उसे दिसंबर में प्रमोशन देने वाली है। प्रमोशन मिलने के बाद वह मां को कार गिफ्ट करना चाहता है। परिवार में मां और छोटी बहन गौरव मूल रूप से दूधली, बस्सी का रहने वाला था। वर्तमान में सोडाला के रामनगर में परिवार के साथ रह रहा था। परिवार में मां मंजू शर्मा और छोटी बहन प्रज्ञा शर्मा हैं। प्रज्ञा बीएससी में पढ़ रही है। बेटे की मौत के बाद मां सदमे में हैं।
