August 20, 2026

सवाई माधोपुर में रात को खेत में रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव बुधवार सुबह खेत में पड़ा मिला। शरीर पर किसी जानवर के दांतों के निशान मिले हैं। घटना बौंली क्षेत्र के बासड़ा बने सिंह गांव की है। पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। क्षेत्रीय वन अधिकारी लक्ष्मीकांत जैमन का कहना है- मौके पर जाकर देखने पर किसी भी जानवर के पगमार्क (फुटप्रिंट्स) नहीं मिले। मृतक के कान और नाक पर काटने के निशान हैं। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि किस जानवर ने हमला किया है। अगर जंगली जानवर ने हमला किया होता तो शरीर पर और भी निशान होते। प्राथमिक तौर पर आशंका है कि मौत के बाद आवारा कुत्तों ने काटा हो। सुबह घर नहीं लौटे तो बेटा खेत पर ढूंढने गया बासड़ा बने सिंह गांव निवासी रामप्रसाद पुजारी ने बताया कि मेरे पिता मोहनलाल पुजारी (66) रोजाना की तरह मंगलवार रात को खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। वह रात में खेत में ही रुकते थे। आज सुबह करीब 6 बजे तक जब वे घर नहीं लौटे तो मुझे चिंता हुई। इसके बाद मैं पिता को तलाशने के लिए खेत की ओर गया। खेत पर पहुंचा तो वहां पिता को मृत अवस्था में पड़ा हुआ देखा। रामप्रसाद ने बताया कि पिता के कान, आंख और मुंह के आसपास किसी जंगली जानवर के काटने के निशान पाए गए। तीनों जगह से काफी मात्रा में खून बह गया था। रामप्रसाद ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। हेड कॉन्स्टेबल राम भजन ने शव को बौंली सीएचसी पहुंचाया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। वन विभाग के अधिकारी भी बौंली सीएचसी पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा कारण हेड कॉन्स्टेबल राम भजन ने बताया- घटना की जांच कर रहे हैं। शव पर जंगली जानवर के काटने के निशान होने के चलते वन विभाग को सूचित किया गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News