September 10, 2026

राजस्थान में मानसून की बेरुखी बरकरार है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 1 सितंबर तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में बने नए लो-प्रेशर सिस्टम के असर से 2 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। रविवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा और धूप रही। सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी (झुंझुनूं), चूरू, फलोदी, बीकानेर और जैसलमेर में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। रविवार को राज्य के कई हिस्सों में दिन में धूप रहने के साथ हल्की हवा चली। इससे कई शहरों के तापमान में मामूली गिरावट हुई। उमस से राहत रही। बाड़मेर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मानसून के बड़े अपडेट्स… बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम मौसम विशेषज्ञों ने बताया- बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी बंगाल और ओडिशा तट पर एक लो-प्रेशर सिस्टम बना है, जिसके अगले 24 घंटे में और स्ट्रॉन्ग होकर वेलमार्क लो-प्रेशर एरिया में तब्दील होने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से आगामी दिनों मानसून के कोर-जोन (ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान) में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। मानसून ट्रफ अभी अमृतसर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गोरखपुर, पटना, जमशेदपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। अब आगे क्या… मौसम केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 3 दिन मौसम ड्राई रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें राज्य में अधिकांश हिस्से में मौसम ड्राई रहने, धूप निकलने और तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर में रविवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। दिन में हल्की हवा चलने से तापमान में मामूली गिरावट हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में अगले दो दिन मौसम ड्राई रहने का अनुमान जताया है। कोटा में रविवार को भी बारिश नहीं हुई। सुबह से ही धूप खिली रही। रविवार को अधिकतम तापमान में कुछ कमी आई है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार कोटा में सितंबर के पहले सप्ताह में बारिश होने की संभावना है। जोधपुर में रविवार को मौसम सामान्य रहा। सुबह बादल छाए और हवा चली। इससे मौसम में ठंडक बनी रही। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिन तक बारिश का अलर्ट नहीं है। अलवर में पिछले चार दिन से बारिश नहीं होने पर लोग उमस से बेहाल हैं। शहर में सुबह 8 बजते ही गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। बीच-बीच में चलने वाली हल्की ठंडी हवा से लोगों को पलभर की राहत जरूर मिलती है। अलवर में रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अजमेर जिले में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। रविवार सुबह से धूप खिली रही। गर्मी और उमस ने परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून सीजन में अब तक अजमेर जिले में 419.0 MM बारिश दर्ज हो चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश 385 MM होनी चाहिए थी। इस तरह सामान्य से 8% अधिक बारिश हुई है। उदयपुर में रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। सुबह ठंडी हवा चली और मौसम सुहावना रहा। इसके बाद कुछ देर के लिए धूप तो कभी बादल छाए रहे। पिछले करीब दो सप्ताह से उदयपुर में बारिश नहीं हुई। उदयपुर में दिन के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री रहा। सीकर में रविवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। यहां न्यूनतम तापमान 23.5 और अधिकतम 37 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News