बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का राजस्थान में भी असर दिखेगा। इस चक्रवात से आने वाली समुद्री हवा से आधे राजस्थान में बादल छा सकते हैं। कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस चक्रवात की तीव्रता को देखते हुए मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को जयपुर, कोटा समेत 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 30 अक्टूबर को 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। 30 अक्टूबर को ही पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिलों में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग है। जिन 22 जिलों में चुनाव है, उनमें से 14 जिलों अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, दौसा, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद और सीकर में बरसात की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी दो दिन मौसम ड्राई रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ भागों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवा (30-40 Kmph) के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी इस सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है। रात-दिन का तापमान गिरा पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के कई जिलों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सुबह से दोपहर तक राज्य के सभी शहरों का मौसम ड्राई रहा और धूप रही। दोपहर बाद सिरोही, जालोर, पाली, जोधपुर, राजसमंद, बाड़मेर में हल्के बादल छाए और धूप कमजोर रही। सोमवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर और पाली के जवाई एरिया में 36.4, जालोर में 35.9, डूंगरपुर, जैसलमेर में 35.5, चित्तौड़गढ़ में 35.2, कोटा में 34.3, फलोदी में 34.6 और उदयपुर में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में रात का पारा 13 डिग्री से नीचे आया राजस्थान में सोमवार को सबसे ज्यादा सर्दी हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में 14.4, फतेहपुर (सीकर) में 15.9, श्रीगंगानगर में 16.7, पिलानी (झुंझुनूं) में 15.5, सीकर में 15.8, अलवर में 16, चूरू में 17 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। अन्य शहरों में भी रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। धूप में तेजी नहीं होने से तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। शाम होने के साथ ही हल्की ठंडक शुरू हो गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में 29 और 30 अक्टूबर को आंधी-बारिश होने और बादल छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। सीकर में सोमवार को दिनभर मौसम साफ रहा। तेज धूप रही। शाम को हल्की हवा चलने से गुलाबी सर्दी ने दस्तक दी। सीकर के फतेहपुर मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम 15.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है। उदयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। अलवर में सोमवार सुबह से मौसम सामान्य रहा। दोपहर में भी गर्मी का असर कम रहा। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, सुबह और शाम के समय सर्दी का एहसास होने लगा है। रात में भी सर्दी का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को अलवर में बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई है। कोटा में सोमवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। दिन का तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा में सुबह और शाम के वक्त हल्की सर्दी महसूस होने लगी है। जोधपुर में सोमवार सुबह बादल छाए। धूप देर से निकली। सोमवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। रविवार को अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आगामी दिनों में तापमान में और कमी आने का अनुमान है। अजमेर शहर में सोमवार को दिनभर गर्मी का असर रहा। तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है।
