October 17, 2026

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पिकअप आगे चल रहे डंपर में घुस गई। हादसे में पिकअप सवार 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों के शव लहूलुहान अवस्था में क्षत-विक्षत मिले। 2 लोग गंभीर घायल हो गए। पिकअप में एक ही परिवार के लोग थे, जो शादी में शामिल होने जा रहे थे। हादसा बहरोड़ में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। जिन दो युवकों की मौत हुई है, उनमें से एक की शादी 22 दिन पहले ही हुई थी। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… गांव से 25 किलोमीटर पहले हुआ हादसा बहरोड़ थाने के ASI कृष्ण कुमार ने बताया- पिकअप में उत्तर प्रदेश के रहने वाले फरियाद अली (24), समसुद्दीन (40), तस्लीमन (45) पत्नी निसार और ड्राइवर मोहम्मद राशिद (40) सवार थे। ये सभी कोटपूतली में अस्थायी रूप से रहकर खेती करते हैं। ये शादी में शामिल होने के लिए यूपी से कोटपूतली के मुगलपुर (प्रागपुरा) गांव आ रहे थे। इस दौरान गांव से करीब 25 किलोमीटर पहले ही बहरोड़ में जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर पिकअप आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। फरियाद और समसुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्ते में साढ़ू थे। वहीं तस्लीमन और राशिद घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कोटपूतली जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं डंपर और पिकअप को हाईवे से हटाकर पार्किंग में खड़ा करवाया। साले की शादी में जा रहा था फरियाद फरियाद अली के साढ़ू इकरार खान ने बताया- फरियाद के साले दिलशाद खान की मंगलवार को शादी है। उसकी बारात चंडीगढ़ जानी है। दिलशाद का परिवार वर्तमान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मुगलपुर (प्रागपुरा) गांव में खेती-बाड़ी करता है। उसी की शादी में शामिल होने ये सभी लोग कोटपूतली आ रहे थे। पिकअप में शादी के लिए लाए गए चावल भी सड़क पर फैल गए। 22 दिन पहले हुई थी शादी फरियाद अली का परिवार कोटपूतली के गांव मुगलपुर में खेती-बाड़ी का काम करता है। करीब 2 महीने पहले फरियाद का परिवार अपने गांव बीसलपुर, पीलीभीत (यूपी) चला गया था। 13 सितंबर 2026 को फरियाद की शादी हुई थी। फरियाद की पत्नी पहले ही अपने भाई की शादी के लिए मुगलपुर आ गई थी। फरियाद रिश्तेदारों के साथ पिकअप में साले की शादी में शामिल होने के लिए घरेलू सामान लेकर आ रहा था। कोटपूतली जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंची फरियाद की सास ने कहा- अभी तक मेरी बेटी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी और खुदा ने कहर ढहा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News