जोधपुर के काजरी रोड आईटीआई सर्किल पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जोधपुर में गुरुवार सुबह डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में अचानक आग लग गई। आग लगने के समय ऑफिस बंद था और वहां कोई मौजूद नहीं था। ऑफिस से आग बरामदे सहित दूसर कमरे तक पर भी पहुंच गई। कुछ समय बाद मौके पर पहुंते फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। डिप्टी डायरेक्टर डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम 10-15 मिनट में मौके पर पहुंची और तीन दमकल वाहनों की मदद से आग बुझानी शुरू की। कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। लाखों का सामान जला वहीं,वाइस प्रिसिंपल शैलेश शर्मा ने बताया कि आग के कारण डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में रखे कंप्यूटर, टीवी, फर्नीचर, बिजली उपकरण, मॉडम, सीलिंग, दरवाजे और कैमरा सिस्टम सहित अन्य सामान जल गया है। इसके अलावा मुख्य भवन की बिजली वायरिंग तथा अन्य कमरों में लगे बिजली उपकरण और एसी आदि के भी नुकसान पहुंचा है। फायर ब्रिगेड ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए समिति के माध्यम से जांच करवाई जा रही है। समिति की रिपोर्ट के बाद ही नुकसान का विस्तृत एवं अंतिम विवरण स्पष्ट हो सकेगा। घटना की प्राथमिक सूचना निदेशालय को भी तत्काल भेज दी गई है। अधिकारियों के स्तर से आवश्यक आगामी कार्रवाई और दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं।
