मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। सादुलशहर में 40 करोड़ रुपए के नए हॉस्पिटल भवन का लोकार्पण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद जनसभा को संबोधित किया। दौरे के दौरान चूनावढ़ में मिल्क लीचिंग प्लांट बनाने और नहरी तंत्र के लिए 5 करोड़ रुपए के बजट की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा- पड़ोसी के घर में नशा है तो यह न सोचें कि हमारे घर नहीं आएगा, आने वाले समय में यह हमारे घर भी पहुंच सकता है। नशे से दूर रहे, युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं, अनूपगढ़ में सीएम के कार्यक्रम से पहले काले झंडे दिखाने जा रहे NSUI के जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान समेत करीब 30 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन किया। सभा में जाने से रोके जाने पर टीचर के ट्रांसफर का विरोध कर रहे सैकड़ों छात्रों ने 55 एफ नेशनल हाईवे जाम कर धरना शुरू कर दिया। तिरंगा यात्रा में शामिल हुए, 1:20 बजे अनूपगढ़ रवाना जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने सादुलशहर बस स्टैंड से भगत सिंह चौक तक विधायक गुरवीर सिंह बराड़ की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। सीएम खुद सैकड़ों लोगों के साथ बस स्टैंड से भगत सिंह चौक तक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। सादुलशहर में कार्यक्रम पूरा होने के बाद करीब 1:20 बजे भजनलाल शर्मा अनूपगढ़ के लिए रवाना हो गए। चूनावढ़ में मिल्क लीचिंग प्लांट बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूनावढ़ में मिल्क लीचिंग प्लांट बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसके निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। सीएम ने सरकार के पिछले ढाई साल के काम और उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि नहरी तंत्र में पानी के लिए 5 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है, जिसका काम अभी चल रहा है। इसमें फिरोजपुर फीडर और यमुना जल समझौते जैसे काम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के हर गांव और ढाणी तक स्वच्छ और साफ पानी पहुंचेगा। नशे को लेकर बोले- पड़ोसी के घर का नशा हमारे घर भी आएगा जनसभा में सीएम ने श्रीगंगानगर में बढ़ते नशे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा-जब वे श्रीगंगानगर के बारे में सोचते हैं तो उनके मन में पीड़ा होती है। यह न सोचें कि अगर पड़ोसी के घर में नशा है तो वह हमारे घर नहीं आएगा। आने वाले समय में नशा आपके घर में भी आ सकता है। इसे कैसे दूर करना है, यह आपकी जिम्मेदारी है। सीएम ने सभी से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी को किया याद मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 14 अगस्त है। यह वह त्रासदी का दिन है, जब सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने कष्ट झेला था और भारत-पाकिस्तान का बंटवारा हुआ था। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए कहा कि लोगों की लाशें उधर से आ रही थीं और वह कैसा समय और कैसा मंजर था, यह हमारे लोगों ने देखा है। कुछ निशान हमारी देह पर ऐसे होते हैं, जो कभी मिटते नहीं। इस त्रासदी ने भी ऐसा ही कष्ट दिया। लोगों के परिवार बंट गए, घर और खेत छोड़ने पड़े और वे सिर्फ अपने शरीर को लेकर यहां आए। यह ऐसी त्रासदी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। सीएम के दौरे से पहले NSUI कार्यकर्ताओं को किया डिटेन सीएम भजनलाल शर्मा के अनूपगढ़ दौरे से पहले पुलिस ने एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष इशानवीर सिंह मान समेत करीब 30 कार्यकर्ताओं को डिटेन किया गया। बताया जा रहा है कि इशानवीर मान छात्रसंघ चुनाव को लेकर सीएम को काले झंडे दिखाकर विरोध करने वाले थे। विरोध से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इशानवीर मान अपने चार साथियों के साथ अनूपगढ़ थाने में हैं, जबकि बाकी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग थानों में ले जाया गया है। सभा में पहुंचने से रोका, धरने पर बैठे छात्र इधर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 56 एफ (श्रीकरणपुर) के शिक्षक रविंद्र कंबोज का ट्रांसफर रद्द करने की मांग को लेकर सैकड़ों छात्र 55 एफ नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए। छात्रों ने हाईवे जाम कर दिया। छात्रों के समर्थन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर भी धरने पर बैठ गए। दरअसल, सभी छात्र सीएम भजनलाल शर्मा की अनूपगढ़ में आयोजित सभा में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सभा में जाने से रोक दिया। इसके बाद छात्र हाईवे पर बैठ गए और सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया।
