कोटपूतली-बहरोड़ में भाजपा नेता पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। दो बोलेरो सवार बदमाशों ने भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी और लाठी-डंडों से शीशे फोड़कर कार क्षतिग्रस्त कर दी। हालांकि, हमले में भाजपा नेता सुरक्षित हैं। घटना जिले के मांढ़ण थाना इलाके के काठूवास टोल नाके पर बुधवार शाम करीब 6ः20 बजे की है। नीमराना के प्रधान संतोष यादव के पति बलवान यादव ने जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए हैं। मामला टोल पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। देखें घटना से जुड़े PHOTOS- भाजपा नेता बलवान यादव ने बताया- बुधवार शाम को वो रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर कुंड से काठूवास की तरफ जा रहे थे। कार को ड्राइवर चला रहा था और मैं पीछे बैठा हुआ था। इस दौरान काठूवास टोल नाके से करीब 6 किमी पहले दो बोलेरो सवार बदमाशों से ओवरटेक करने को लेकर बहस हो गई। इसके बाद से दोनों बोलेरो सवार बदमाश कभी आगे तो कभी पीछे गाड़ी चला रहे और हुड़दंग कर रहे थे। जैसे ही मेरी कार काठूवास टोल नाके के पास पहुंची तो एक बोलेरो सवार बदमाश पीछे से आए और मेरी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाश स्टंट करते हुए गाड़ी को घुमा ले गए और दूसरी लेन से होकर मेरी कार के सामने आ गए। एक बोलेरो मेरी कार के पीछे और दूसरी बोलेरो मेरी कार के आगे लगा दी। इसके बाद दोनों बोलेरो से करीब 6-7 बदमाश उतरे। सबके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने उससे मेरी कार पर हमला कर दिया। कार के शीशे बोनट और दरवाजों पर लगातार हमले किए। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जैसे ही लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी तो सभी बदमाश बोलेरो लेकर काठूवास की तरफ फरार हो गए। मैंने मांढण थाने में हमला करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। मांढण थानाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया- रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। अलवर उत्तर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं बलवान यादव बहरोड़ के कुंड रोड निवासी बलवान यादव भाजपा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। वह नीमराना प्रधान संतोष यादव के पति हैं और राठ इंटरनेशनल स्कूल ग्रुप के चेयरमैन का पद भी संभालते हैं।
