October 30, 2026

लोहावट (फलोदी) ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) नारायण सुथार को जब ACB ने पकड़ा तो कार में रखे कैश का जवाब नहीं दे पाए थे। एक से बढ़कर एक बहाने बनाए। अपने दोस्त और उसके जीजा की कहानी में उलझाए रखा। लेकिन दोस्त के जीजा ने ही सारी पोल खोल दी। पड़ताल में सामने आया कि ACB ने इस रोचक वाकये का पूरा वीडियो रिकॉर्ड किया था। दरअसल, बीडीओ कार में बच्चों के खिलौनों के साथ कैश रखकर घर जा रहा था, उसे आता देख एक चेक पोस्ट पर ACB ने वीडियो चालू कर लिया था, जिसे अब अहम सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है। 25 सितंबर को हुई इस घटना के बाद एसीबी ने बीडीओ सुथार और उसके दोस्त संजय सोनी के खिलाफ बुधवार को FIR दर्ज कराई है। भास्कर ने ACB से जुड़े सूत्रों के जरिए वीडियो में कैद हुए पूरे घटनाक्रम को जाना। पढ़िए ये स्पेशल रिपोर्ट… भनक लगी तो चेक पोस्ट से पहले गाड़ी रोकी, यहीं से शुरू हुआ मामला ACB की विशेष टीम के एडिशनल एसपी आशीष कुमार को 25 सितंबर को लोहावट बीडीओ नारायण सुथार की लाखों रुपए की घूस इकट्ठी कर बीकानेर जाने की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल डीएसपी इन्द्र कुमार के नेतृत्व में ACB की टीम को भीनासर चेक पोस्ट पर भेजा गया। सुथार अपने घर बीकानेर के विश्वकर्मा गेट पहुचने के लिए जोधपुर से निकला। भीनासर नाके पर तैनात टीम को सफेद रंग की कार आते हुए दिखाई दी। नंबर प्लेट पर लाल पट्टी थी और बीडीओ लिखा हुआ था। लेकिन सुथार ने अचानक नाके से पहले ही साइड में गाड़ी रोक ली। ACB सूत्रों के अनुसार सुथार को ACB की रेड की भनक लग गई थी। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तत्काल ACB टीम गाड़ी में बैठी और सुथार की गाड़ी तक पहुंची। टीम ने सुथार को गाड़ी से उतरने को कहा। तलाशी में कैश वाला बैग मिल गया। गाड़ी के अंदर थैले में 8 लाख 14 हजार का कैश रखा हुआ था। ‘मैं तो ऑफिस में बैठा था, दोस्त ने कार में रख दिया कैश’ ACB टीम ने खुद का परिचय देने के बाद बैग में मिले कैश को लेकर सवाल-जवाब शुरू किए। नारायण सुथार ने कहानी बुनना शुरू कर दिया। एसीबी : क्या नाम है और क्या करते हो? बीडीओ : नारायण सुथार हूं, लोहावट (फलोदी) पंचायत समिति में खंड विकास अधिकारी (BDO) हूं। एसीबी : रिश्वत की राशि कहां है? बीडीओ : मेरे पास कोई रिश्वत की राशि नहीं है। एसीबी : तो कौन सी राशि है? बीडीओ : मेरे पास तो मेरे दोस्त संजय सोनी की दी हुई राशि है। एसीबी : कौन संजय सोनी? बीडीओ : लोहावट में सुनार का काम करता है। उसकी लोहावट में सोने-चांदी के गहनों की दुकान है। उसने ये पैसे दिए थे। एसीबी : पैसे कहां हैं? बीडीओ : ड्राइवर सीट के पास वाली सीट के नीचे एक थैले में रखे हुए हैं। (ACB टीम ने थैले से पैसे निकालकर कार के बोनट पर रखवा दिया। जहां थैला था वहीं, बच्चों के खिलौने, कॉपी-किताबें रखी हुई थीं।) एसीबी : इतनी राशि दोस्त ने क्यों दी? बीडीओ : मैं मेरे ऑफिस में बैठा था, उस समय मेरा दोस्त संजय सोनी आया था। दोस्त ने कहा कि आप बीकानेर जाओगे, तो मैने कहा…जाऊंगा। दोस्त ने कहा कि मेरे बहनोई (जीजा) को पैसे देने हैं…आपके साथ ही भिजवा दूं क्या? मैने हां कर दी और दोस्त ने मेरी कार की चाबी लेकर पैसे रख दिए। चाबी लौटाते समय दोस्त ने ही कहा था कि पैसे की थैली ड्राइवर के पास वाली सीट के नीचे रख दिए हैं। एसीबी : दोस्त ने कितने पैसे रखे? बीडीओ : उसने कितने पैसे थैले में रखे, यह मुझे नहीं बताया। मैं बीकानेर के लिए निकल गया और यहां पहुंचा हूं। जीजा के सच के आगे टिक नहीं पाई कहानी… नारायण सुथार से पूछताछ के दौरान ही ACB ने मौके पर ही परतें खोलना शुरू कर दिया। ACB टीम ने सुथार से अपने दोस्त सोनी के मोबाइल नंबर लेकर कॉल लगाया। एसीबी : संजय सोनी बोल रहे हैं, क्या आपने नारायण सुथार को कोई राशि दी है? संजय : हां, मैंने आठ सवा आठ लाख रुपए मेरे जीजाजी को देने के लिए भिजवाए हैं। एसीबी : ठीक है, अपने जीजा के नंबर दो। (ACB ने संजय सोनी के जीजा को फोन लगाया) एसीबी : क्या संजय सोनी आपके पास कोई पैसे भेज रहा है? जीजा : अब कौनसे पैसे भेज रहा है, पैसे तो पहले ही मुझे मिल चुके हैं। एसीबी : मतलब, किसके साथ भिजवाए… जीजा : संजय ने एक आदमी के जरिए मुझे राशि भिजवाई थी, जो मुझे मिल चुकी है। वो व्यक्ति संजय का ही जानकार था, मैं उसे नहीं जानता। एसीबी : क्या और राशि आपको भेजी जानी है? जीजा : नहीं, संजय और पैसे भेज रहा है, उसकी मुझे जानकारी नहीं है। आईफोन का पासवर्ड बताने से किया मना ACB को संजय के जीजा के जवाब से समझ आ गया कि नारायण सुथार की कहानी झूठी है। ACB ने बैग से निकले 8 लाख 14 हजार को अपने कब्जे में ले लिया। ACB ने डाटा सबूत (वाट्सएप चैट और कॉलिंग आदि) लेने के लिए नारायण के पास से आईओन भी अपने कब्जे में ले लिया। नारायण सुथार को लेकर ACB टीम बीकानेर के नया शहर पुलिस थाना पहुंची। ACB ने जब आईफोन को अनलॉक करने के लिए पासवर्ड पूछा, तो नारायण सुथार ने पासवर्ड बताने के मना कर दिया। बार-बार पूछने पर भी नारायण 8 लाख 14 हजार रुपए कहां से आए, सोर्स नहीं बता पा रहा था। इस पूरी कार्रवाई की शुरू से लेकर अंत तक की वीडियोग्राफी हुई। घर में मिला 1 किलो सोना और प्रॉपर्टी के कागज ACB सूत्रों के अनुसार सुथार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की भी प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले घर की तलाशी ली गई थी। घर से 1 किलो सोना मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। जयपुर में 2 प्लॉट के दस्तावेज भी मिले हैं। इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। …. ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान- सरकारी इंजीनियर की सैलरी से 253 फीसदी ज्यादा प्रॉपर्टी:2 साल तक एसीबी का कैलकुलेशन; 30 बैंक अकाउंट, करोड़ों की FD का खुलासा जल जीवन मिशन (जेजेएम) में काम के बदले रिश्वत लेने वाले इंजीनियर अनिल कच्छावा की बैंक डिटेल्स ने जांच में जुटे ACB अधिकारियों को भी चौंका दिया। जांच में सैलरी से 253% ज्यादा संपत्ति मिली है। पूरी खबर पढ़िए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News