जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में लिव-इन पार्टनर के मर्डर की घटना का एक्सक्लूसिव CCTV वीडियो दैनिक भास्कर को मिला है। वीडियो में हत्या के बाद आरोपी फोन पर बात करते हुए बिल्डिंग से बाहर जाते हुए दिख रहा है। आरोपी युवराज का 18 अक्टूबर को देर रात अपनी 35 साल की लिव-इन पार्टनर से झगड़ा हुआ था। उसी दौरान उसने किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या को अंजाम दिया। रातभर आरोपी करीब 5 घंटे डेडबॉडी के साथ ही फ्लैट में था। किसी को शक नहीं हो, इसलिए सामान्य तरीके से सुबह निकल गया। अपार्टमेंट में हुए इस हत्याकांड से लोग भी हैरान हैं। वहां के निवासियों ने बताया- दोनों लगभग 2 साल से लिव-इन में रह रहे थे। 2 दिन पहले ही एक दूसरे के साथ आइसक्रीम खाते हुए देखे थे। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज : फोन पर बात करते हुए बाहर आया आरोपी यह घटना पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट की है। दैनिक भास्कर ने मौके पर जाकर अपार्टमेंट के CCTV वीडियो जुटाए। एक्सक्लूसिव वीडियो में हत्या का आरोपी युवराज सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर बिल्डिंग से बाहर निकलता नजर आ रहा है। वह फोन पर बात करता हुआ बाहर आता है और रवाना हो जाता है। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे महिला का शव फ्लैट में मिलने की जानकारी सामने आई। बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के मुताबिक- ये घटना 9वीं मंजिल के फ्लैट में हुई। आरोपी युवराज बिल्कुल नॉर्मल होकर बाहर निकला था। उस समय किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि फ्लैट के अंदर महिला की हत्या हो चुकी है। हत्या के बाद 5 घंटे तक बॉडी के साथ रहा आरोपी पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 1:30 बजे महिला और युवराज के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट हुई। इसी दौरान युवराज ने कथित तौर पर किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर वार किया। पुलिस को शक है कि उसी हमले में महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवराज ने शराब पी रखी थी। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद भी युवराज करीब पांच घंटे तक फ्लैट में रहा और फिर सुबह वहां से निकल गया। अब आरोपी के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में ही खुलासा हो पाएगा कि इस दौरान वह फ्लैट में क्या करता रहा। दो दिन पहले तक साथ खा रहे थे आइसक्रीम सोसाइटी के लोगों ने बताया कि महिला और युवराज अक्सर साथ दिखाई देते थे। दोनों बिल्डिंग के आसपास घूमते और सामान्य तरीके से बातचीत करते थे। घटना से दो दिन पहले भी दोनों बिल्डिंग के नीचे साथ खड़े होकर आइसक्रीम खाते नजर आए थे। उस दौरान दोनों हंस-बोल रहे थे। किसी को ऐसा नहीं लगा कि उनके बीच कोई बड़ी परेशानी चल रही है। पहले बिल्डिंग में गार्ड थी महिला, फिर शुरू किया टिफिन का काम सोसाइटी के लोगों के अनुसार, महिला करीब डेढ़ साल पहले इसी बिल्डिंग में गार्ड की नौकरी करती थी। उसने लगभग छह महीने तक यहां नौकरी की। इसके बाद उसने गार्ड की नौकरी छोड़ टिफिन बनाने का काम शुरू किया। महिला और युवराज इसी काम से जुड़े हुए थे। जिस फ्लैट में महिला की हत्या हुई, वहीं से दोनों मिलकर टिफिन सेंटर चलाते थे। महिला खाना तैयार करती थी, जबकि युवराज दिन में रैपिडो चलाता था। शाम को युवराज टिफिन की डिलीवरी करता था। सोसाइटी के सेक्रेटरी प्रमोद सिंह ने बताया कि ये दोनों हमारी सोसाइटी में सिर्फ काम करने आते थे। लेकिन यह रहते पास में किसी दूसरी बिल्डिंग में थे। दोनों को करीब दो साल से जानते थे। सबसे ठीक-ठाक मेलजोल था। अपार्टमेंट में ही टिफिन सप्लाई करते थे। सुबह टिफिन नहीं पहुंचने पर लोगों ने फ्लैट में जाकर चेक किया, तब मर्डर का पता चला। अब पुलिस जांच में ही सामने आएगा कि यह मर्डर क्यों हुआ? दोनों शादीशुदा, दोनों के दो-दो बच्चे महिला शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। सोसाइटी के लोगों के मुताबिक, करीब आठ साल का बड़ा बेटा अपने ननिहाल में रहता है, जबकि पांच साल का छोटा बेटा महिला के साथ रहता था। वहीं, युवराज भी शादीशुदा है। उसकी पत्नी उससे अलग रहती है और उसके भी दो बच्चे हैं। पत्नी से अलग होने के बाद वह महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले बताए गए हैं। महिला की मौत के बाद उसके परिवार के लोग जयपुर पहुंचे। उस दौरान उनका साफ तौर पर कहना था कि वो नहीं जानते कि उनकी बेटी कहां थी और क्या कर रही थी। महिला के भाई ने हमें बताया कि उनकी बहन लिव-इन में रह रही थी, इसकी परिवार के किसी भी सदस्य को जानकारी नहीं थी। मर्डर के बाद से फरार है आरोपी पत्रकार कॉलोनी थाना एसएओ कविता यादव ने बताया- महिला काफी समय से युवराज के साथ लिव-इन में रह रही थी। आशंका है कि युवराज ने किसी भारी वस्तु से हमला कर महिला की हत्या की। इसके बाद वह वहां से चला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हमारी टीमें युवराज की तलाश कर रही है।
