September 10, 2026

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को सबक सिखाना जरूरी है, तभी राष्ट्रभक्त बनेंगे। अमेरिका और यूरोप ने राहुल गांधी पर इन्वेस्टमेंट किया, लेकिन बेकार हो गया। अब तरीका बदलकर कॉकरोच जैसों पर इन्वेस्टमेंट कर रहे हैं। राठौड़ ने यह बात रविवार रात 9 बजे बाड़मेर नगर परिषद के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग में कही। बाड़मेर में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने टिकट कटने से नाराज बागियों को चेतावनी देते हुए कहा- मां (पार्टी) की पीठ में छुरा घोंपने वालों को पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। राठौड़ बोले- अमेरिका-यूरोप का राहुल गांधी पर इन्वेस्टमेंट बेकार हो गया राठौड़ ने कहा कि जब कोई व्यक्ति प्रगति करता है तो बहुत लोग उससे जलते हैं। भारत प्रगति करता है तो दुनिया के कई देश जलते हैं। वे भारत की प्रगति रोकना चाहते हैं। इसलिए अमेरिका और यूरोप ने हमारे देश के विपक्षियों को पैसा देना शुरू किया। देश को अस्थिर करने की कोशिश की गई। जब उन देशों को लगा कि यह इन्वेस्टमेंट तो बेकार हो गया, क्योंकि राहुल गांधी को जितना पैसा दो, वे कोई भी काम करें तो भाजपा को फायदा हो जाता है। इसलिए उन्होंने अपना तरीका बदल दिया। राठौड़ ने कहा- विरोधी देशों ने ऐसे लोगों को तैयार किया है। ‘कॉकरोच’ जैसे लोगों पर इन्वेस्टमेंट करना शुरू किया गया है। ऐसे लोग कई जगह सुगबुगाहट उठाते हैं, कई नाटक करते हैं, आगजनी करते हैं और गंदी-गंदी भाषा बोल देते हैं। इसके बाद देश उन्हें शांत करने में लग जाता है और इससे विकास रुक जाता है। विरोधी देश इसी तरह सोचते हैं, लेकिन हम रुकने वाले नहीं हैं और कतई चिंता नहीं करने वाले। बाड़मेर की 55 सीटें जिताकर भेजो, खड़गे-सोनिया-राहुल को सबक मिलेगा राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर आपने बाड़मेर की 55 सीटें जिताकर भेज दीं तो उन लोगों को सबक सीखने को मिलेगा। तब वे भी राष्ट्रभक्ति करने लगेंगे और भारत माता की जय बोलने लगेंगे। जब वंदे मातरम् राष्ट्रगीत होते हुए खड़गे जी हिलते हैं तो आपको गुस्सा आता है या नहीं। जब सोनिया गांधी इधर-उधर हिलती-डुलती हैं तो आपको बुरा लगता है या नहीं। जब राहुल नाटक करते हैं तो आपको गुस्सा आता है। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा- उस गुस्से को दबाकर मत रखो। उन लोगों को सबक सिखाना बेहद जरूरी है। तब उन्हें लगेगा कि बाड़मेर की जनता राष्ट्र विरोधी गतिविधियां कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। मैं राष्ट्रभक्त हूं और मेरा विरोधी भी राष्ट्रभक्त बने, तभी लोकतंत्र सफल होगा। राठौड़ बोले- एक-एक वोट की वैल्यू बैठक में राठौड़ ने कहा- नगर निकाय चुनाव में एक-एक वोट की वैल्यू है। एक वोट से सीपी जोशी हार गए और सांसद प्रत्याशी भी हारे हैं। उन्होंने प्रत्याशियों से पूछा कि टैक्सी बुक कर दी क्या? अगर नहीं की है तो आज ही पोलिंग के लिए टैक्सी बुक कर दो। उन्होंने कहा कि 100 रुपए एक्स्ट्रा दे दो और आज से ही टैक्सी पर भाजपा का झंडा लगाकर चलाओ। राठौड़ ने कहा- बाड़मेर में 55 वार्ड हैं। अगर प्रत्येक प्रत्याशी दो या तीन टैक्सी लगाए तो शहर में कितनी टैक्सियां भाजपा का झंडा लगाकर घूमती नजर आएंगी। कल्पना करो कि 150 टैक्सी भाजपा का झंडा लगाकर शहर में घूम रही हैं तो इससे एक माहौल बनेगा। यह व्यवस्था चुनाव संचालन समिति को करनी चाहिए। राठौड़ ने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से कहा- जब लोगों को लगता है कि इतनी टैक्सियां भाजपा की घूम रही हैं तो बाड़मेर में भाजपा ही जीत रही है, तो चुनाव का माहौल बनता है। राजस्थान के 309 नगर निकाय जीतने का लक्ष्य राठौड़ ने चुनाव संचालन समिति के सदस्यों से कहा कि वे फैल जाएं और जनता को बताएं कि यह समय राष्ट्र विरोधी गतिविधि करने वालों को सबक सिखाने का है। अगर पूरे राजस्थान के 309 नगर निकाय चुनाव जीत लेंगे तो उन्हें लगेगा कि जनता राष्ट्र विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं करती है। पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में अपील कर दें टिकट से नाराज दावेदारों और बागियों को लेकर राठौड़ ने कहा- पार्टी ने अलग-अलग स्तर पर सर्वे करवाकर चुनाव में उम्मीदवार उतारे हैं। प्रत्याशी सेवक बनकर काम करेंगे, लेकिन कई योग्य कार्यकर्ता टिकट से पीछे रह गए, क्योंकि टिकट एक ही व्यक्ति को मिल सकता है। ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने और उन्हें अवसर देने की कोशिश होगी। अभी तक नियुक्तियां नहीं हुई हैं और अब नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह व्यवस्था है कि हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता हो। यह पार्टी के संस्कार हैं। राठौड़ ने कहा कि कुछ दावेदार गुस्से में आकर नामांकन कर चुके हैं। उनके पास सोमवार शाम तक का समय है। वे पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में अपील निकाल दें। जो नाराज हैं, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। … ये खबर भी पढ़ें … जोधपुर में शेखावत-गहलोत फैक्टर से कांटे की टक्कर:उदयपुर में कांग्रेस को बागियों से खतरा; पाली में राठौड़ के गढ़ में निर्दलीयों से बदले समीकरण जोधपुर नगर निगम में 100, उदयपुर में 80 और पाली में 65 वार्ड हैं। अभी तक के समीकरणों में जोधपुर और पाली में कांग्रेस-बीजेपी में टक्कर है। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News