August 16, 2026

जयपुर जिले के जोबनेर में शनिवार सुबह 9.30 बजे एक निजी स्कूल बस और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। आमने-सामने हुई भिड़ंत के बाद दोनों वाहन बेकाबू होकर पलट गए। इस दौरान स्कूल बस में सवार 18 बच्चे घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया। घटना जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास की है। जोबनेर थाना अधिकारी हनुमान सहाय ने बताया- बस में ड्राइवर कंडक्टर और एक स्कूल स्टाफ के साथ 40 बच्चे थे। इनमें से 18 बच्चे घायल हुए हैं। 2 बच्चों के सिर में चोट आई है, जबकि 3 बच्चों के पैर में फैक्चर हुआ है। एक बच्चे के हाथ में चोट आई है। टक्कर इतनी तेज थी की दो बच्चों के सिर में चोट लगने से बस के अंदर खुन फैल गया। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। एंबुलेंस के जरिए जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हादसे की तस्वीरें… 8-9 बच्चों को जयपुर किया गया रेफर डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को जयपुर रेफर किया गया। बच्चों के सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। स्कॉर्पियो सवार भी घायल हादसे में स्कॉर्पियो में सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हालांकि उनकी चोटें सामान्य बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़गढ़ से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जोबनेर-महला मार्ग पर यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। बस पलटी हुई थी। कई बच्चे अंदर फंसे थे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने तक बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास जारी रखा। हादसे से लगा लंबा जाम हादसे के बाद जोबनेर-महला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। दोनों वाहनों की तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News