फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट से अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को हाईजैक का सिग्नल मिला था। यह जानकारी जयपुर ATC से साझा की गई। करीब 45 मिनट बाद विमान को सुबह 9.45 बजे जयपुर में उतारा गया। शुरुआती जांच में पायलट की गलती से अलर्ट मैसेज भेजने की जानकारी थी। हालांकि, पूछताछ में उसने कहा कि- मेरी कोई गलती नहीं है। फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। उसे 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। करीब साढ़े 4 घंटे की जांच के बाद दोपहर 2.24 बजे विमान को दिल्ली रवाना किया। 30 सितंबर को इजराइल जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट से भी हाइजैक सिग्नल कोड 7500 भेजा गया था। इस प्लेन को पायलट ने हाइजैक और क्रैश करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय को-पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने ऐसा होने से रोक दिया था।
