October 19, 2026

कोटा में पंचायत चुनाव के बीच पंचायत समिति मेंबर के लिए कांग्रेस प्रत्याशी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर पंचायत समिति के वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मीणा के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, धमकी, लूट, चौथवसूली और जानलेवा हमला करने सहित 11 मुकदमे दर्ज हुए थे। ये केस साल 1996 से 2019 तक दर्ज हुए थे। इनमें से 4 केस कोर्ट में विचाराधीन हैं। चंद्रप्रकाश मीणा ने अपने नामांकन पत्र में इन केसों के बारे में जानकारी नहीं दी थी। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने शनिवार को चंद्रप्रकाश (56) पुत्र किशनचंद मीणा की हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश दिए। एसपी सुजीत शंकर ने आदेश में लिखा कि कांग्रेस प्रत्याशी की समाजरोधी और आपराधिक गतिविधियां अभी तक थमी नहीं हैं। मुझे नहीं पता था क्या भरना है क्या नहीं सिमलिया के कालारेवा का निवासी चंद्रप्रकाश सातवीं पास है। शपथ पत्र में उन्होंने अपना व्यवसाय खेती बताया है। उनके पास 1.55 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 1 जेसीबी, 2 स्कॉर्पियो, 47 बीघा जमीन और 35 ग्राम सोना शामिल हैं। चंद्रप्रकाश का कहना है कि वर्तमान में मेरे खिलाफ सिर्फ 2 मुकदमे हैं। मुझे ठीक से चुनाव का फॉर्म भरना नहीं आता। मुझे नहीं पता क्या भरना था और क्या नहीं। 22 अक्टूबर को वोटिंग, बीजेपी-कांग्रेस में सीधा मुकाबला सुल्तानपुर पंचायत समिति के वार्ड-8 से कुल 5 नॉमिनेशन भरे गए थे। भाजपा ने यहां से मनोज तिवारी को टिकट दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मीणा के बेटे सहित तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया था। अब कांग्रेस के चंद्रप्रकाश मीणा और बीजेपी के मनोज तिवारी में सीधा मुकाबला है। पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर को वोटिंग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News