राजस्थान के 16 जिलों की 3314 पंचायतों में आज पहले चरण में उपसरपंचों का चुनाव हो रहा है। उपसरपंच के चुनाव में वार्ड पंच वोट करेंगे। डूंगरपुर के सीमलवाड़ा की डूका पंचायत में नामांकन प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की अचानक तबीयत खराब हो गई। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत का कारण सामने नहीं आया है। वहीं, 16 जिलों में शनिवार को पहले चरण में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग के बाद मतगणना हुई। रविवार सुबह अलवर की गारू में पंच और सरपंच के चुनाव में मतगणना पर विवाद हो गया है। बड़ी संख्या मे लोग मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। बीकानेर की केला ग्राम पंचायत में पत्थरबाजी हो गई।
