October 16, 2026

धौलपुर जिला कारागृह में बंद एक हिस्ट्रीशीटर ने खाना बांटने के दौरान जमकर उत्पात मचाया। दूसरे बंदियों के साथ कहासुनी के बाद आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे जेल प्रहरियों के साथ भी उसने मारपीट की।
इस दौरान जेल प्रहरी नरेश को हाथ पर काटकर घायल कर दिया। मामले में पीड़ित प्रहरी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5 बजे जेल के वार्ड नंबर 10 में बंदियों को खाना बांटा जा रहा था। इसी दौरान बंदी अजीत उर्फ बनिया की अन्य बंदियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर वह दूसरे बंदियों के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख जेल प्रहरी बीच-बचाव के लिए पहुंचे और आरोपी को पकड़कर जेलर के पास ले गए। जेल स्टाफ ने स्थिति को संभाला
आरोप है कि जेलर के सामने पहुंचने के बाद भी हिस्ट्रीशीटर का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह उग्र हो गया। इस दौरान उसने जेल प्रहरी नरेश के साथ मारपीट की और उसके हाथ पर काट लिया। घटना से जेल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बाद में जेल स्टाफ ने स्थिति को संभाला। हिस्ट्रीशीटर पर लूट, मारपीट समेत 21 मामले दर्ज
जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अजीत उर्फ बनिया पर कुल 21 मामले दर्ज है। जिनमें लूट, मारपीट, राजकार्य में बाधा सहित कई मामले शामिल हैं। आरोपी पर 22वां मुकदमा बुधवार देर रात को कोतवाली थाने में दर्ज किया गया है। इससे पहले मध्य प्रदेश के मुरैना जिले और धौलपुर जिले के अलग-अलग थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज है। चलती ट्रेन से कूद कर भागा था अजीत
प्रहरी के साथ मारपीट करने वाला हिस्ट्रीशीटर अजीत उर्फ बनिया 31 अगस्त 2023 को मुरैना से पेशी से लौटते वक्त पुलिस कर्मियों को धक्का देकर ट्रेन से कूद कर भाग गया था। चलती हुई ट्रेन से कूद कर भागने के बाद आरोपी चंबल के बीहड़ में जाकर छुप गया। जिस मामले में कई पुलिसकर्मी निलंबित भी हुए थे। 26 मार्च से मध्य प्रदेश के एक मामले में भुगत रहा है सजा
अजीत उर्फ बनिया को विभिन्न मामलों में धौलपुर पुलिस ने करीब डेढ़ साल पहले जेल में फिर से पकड़ कर डाला था। वर्तमान में आरोपी विभिन्न मामलों के साथ मध्य प्रदेश डकैती प्रभावित क्षेत्र कोर्ट से 26 मार्च 2026 से एक मामले में सजा भुगत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News