October 25, 2026

अलवर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 दोस्तों को रौंद दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार नाले की 5 फीट ऊंची दीवार से टकराई, जिससे दीवार टूट गई। एक युवक उछलकर नाले में गिर गया। बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना अरावली विहार थाना इलाके में काली मोरी स्थित मोती नगर में शनिवार रात 10:15 बजे की है। परिजनों का आरोप है- रंजिश के चलते तीनों की हत्या की गई। कार से कुचलने के बाद सिर पर पत्थर से वार किए गए। रविवार सुबह 8 बजे से परिजन और स्थानीय लोग जिला हॉस्पिटल के बाहर बिजली घर चौराहे पर धरने पर बैठ गए। वे आरोपियों को गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक धरने से नहीं हटेंगे, शव नहीं लेंगे। वहीं, धरने पर बैठी महिलाएं बिलख-बिलख कर रो पड़ीं। थाना प्रभारी सुनील टांक ने बताया- चोर डूंगरी निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू (22) पुत्र बजरंग सिंह राजपूत, तहसीलदार कॉलोनी निवासी युवराज उर्फ युवी (21) पुत्र नेमीचंद सैनी और काला कुआं इलाके निवासी हिमांशु (22) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा की मौत हुई है। DSP राजेश कसाना ने बताया- धर्मेंद्र शर्मा ने रिपोर्ट दी है कि उनके बेटे हिमांशु व उसके दो साथियों की कार से टक्कर मारकर हत्या की गई। उसके अनुसार हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… परिजन का आरोप- रंजिश के चलते कार से कुचलकर मारा युवराज (मृतक) के पिता नेमीचंद सैनी ने आरोप लगाया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। युवराज का कॉलोनी के ही कुछ युवकों (सचिन मीणा व अन्य) से विवाद चल रहा था। जिस कार से बाइक को पीछे से टक्कर मारी गई, वह सचिन मीणा के नाम पर ही रजिस्टर्ड है। कार में 4 से 5 युवक सवार थे, जो वारदात के तुरंत बाद गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। चाचा बोले- कुचलने के बाद सिर पर पत्थर से वार किए मृतक युवराज के चाचा दिनेश सैनी ने बताया- युवराज, जितेंद्र और हिमांशु शनिवार रात पुराना भूरासिद्ध मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद अपने किसी दोस्त से मिलने जा रहे थे। काली मोरी के पास पहले उनको कार से कुचला गया। फिर उसके बाद सिर पर पत्थर से वार किए गए। मौके पर क्षत-विक्षत शव दूर-दूर मिले। एक शव नाले के अंदर पड़ा मिला। जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें चोर डूंगरी निवासी सचिन मीणा पुत्र बल्लू, सागर, पलटा और आकाश थे। सचिन पर पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वह कुछ महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था। … खबर के पल-पल के अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News