August 19, 2026

अजमेर में गंज थाना क्षेत्र के संजय नगर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने एक ठेकेदार के मकान पर दबिश दी। अलवर और गुजरात से आई इनकम टैक्स की टीम मंगलवार सुबह अजमेर पहुंची और स्थानीय टीम की मदद से संजय नगर स्थित मकान पर कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार टीम ने मकान में मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी भी जुटाई। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई कथित तौर पर करोड़ों रुपए की इनकम टैक्स चोरी से जुड़े मामले में की जा रही है। रामलाल के मकान पर कार्रवाई, बेटे ताराचंद की भी जानकारी जुटाई जानकारी के अनुसार जिस मकान पर कार्रवाई हुई, वह रामलाल का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक रामलाल के बेटे ताराचंद से इस मामले का संबंध बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार ताराचंद पिछले कुछ समय से घर पर नजर नहीं आया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। दिनभर घर के बाहर पुलिस जाब्ता रहा तैनात कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए घर के बाहर पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इनकम टैक्स की टीम ने दिनभर मकान के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी घर के बाहर जमा होने लगे। पूरे दिन क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने कार्रवाई पर नहीं दी जानकारी इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई जवाब नहीं दिया। ऐसे में कार्रवाई में क्या-क्या दस्तावेज या रिकॉर्ड मिले और कितनी रकम से जुड़ा मामला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News