डूंगरपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय ठाकरड़ा में मंगलवार शाम तीरंदाजी अभ्यास के दौरान 8वीं कक्षा के एक छात्र के सीने में तीर घुस गया।
तलैया, बिछीवाड़ा निवासी छात्र विकास ननोमा तीरंदाजी कोर्ट में अभ्यास कर रहे बच्चों के बीच अचानक पहुंच गया था, तभी यह हादसा हुआ। तीर लगने के बाद विकास ने उसे तुरंत हाथ से निकाल लिया, लेकिन उसका आगे का नुकीला लोहे का टुकड़ा सीने में ही फंसा रह गया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत घायल छात्र को सागवाड़ा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी छात्र के परिजनों और जिला प्रशासन को भी दी गई। AI जनरेटेड इन फोटोज से समझिए पूरा मामला घायल छात्र को किया उदयपुर रेफर
सागवाड़ा अस्पताल से छात्र को एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज संभव नहीं हो सका। इसके बाद उसे मंगलवार रात में ही उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डूंगरपुर जिला प्रशासन ने उदयपुर प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया था, जिससे अस्पताल में डॉक्टरों की टीम तैयार थी। रात 2 बजे ऑपरेशन कर निकाला नुकीला टुकड़ा
छात्र के अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया। रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर विकास के सीने से तीर का नुकीला लोहे का टुकड़ा सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और वह होश में है। परिजन भी उदयपुर पहुंच गए हैं। ऑपरेशन के छात्र की हालत में सुधार
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल अमिल मीणा ने बताया कि अगले महीने से तीरंदाजी की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होनी हैं, जिसके लिए छात्र तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान विकास बीच में आ गया और उसे तीर लग गया। उन्होंने पुष्टि की कि उदयपुर आरएनटी में ऑपरेशन के बाद विकास की तबीयत ठीक है और उसमें सुधार हो रहा है।
